भीषण गर्मी व मौसम की बेरुखी से किसान चिंतित
भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही सहित पूर्वांचल के जनपदों में तापमान में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिल रही है। अप्रैल के ही महीने में आलम कुछ ऐसा है कि जैसे गर्मी पिछले कई वर्षों के रिकार्डों को ध्वस्त करने पर अमादा है। इस बीच पछुआ हवाओं के साथ आसमान में बादलों की हो रही आवाजाही ने किसानों की चिंता बढ़ा कर रख दी है।
कृषि मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन पर गौर करें तो इस समय दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तथा रात का 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। वातावरण में नमी की मात्रा शुष्क
हवाओं के कारण अत्यंत न्यून दर्ज होगी। हवा की गति सामान्यतः 14 किमी प्रति घंटा देखी जा सकती है। आगे भी हवाएं पछुआ बनी रहेगी 14 से 15 अप्रैल के बीच बादल युक्त मौसम के कारण बारिश के आसार हैं। तापमान में अप्रत्याशित वृद्धि मौसम में अचानक बदलाव जैसे आंधी, पानी व तूफान जैसी स्थितियां बन सकती है। इस वर्ष गर्मी पिछले कई वर्षों की तुलना में कुछ ज्यादा ही दर्ज की जा सकेगी जिससे हीट वेवस्ट्रोक का खतरा पशुओं और सामान्य जनजीवन के लिए बना रहेगा।
इस समय किसान गेहूं फसल की कटाई व मड़ाई में जूटे हैं। दिन में ऐसा लगता है जैसे आसमान से शोले बरस रहे हों। भीषण गर्मी के चलते किसान अब दिन में गेहूं की कटाई अथवा मड़ाई करने की बजाय सुबह शाम काम निपटाने को विवश हैं। मौसम के मिजाज को भांप कर किसान तैयार फसल के साथ किसी तरह की जोखिम उठाने को तैयार नहीं यही कारण है कि दिन में निकालने वाली उमस भरी चिलचिलाती की धूप से बचने के लिए सुबह शाम व दिन की बजाय रात को कामयाब निबटाया जा रहा है।





