भदोही जिले के औराई क्षेत्र में गुरुवार की अर्धरात्रि में पुलिस मुठभेड़ में चार अंतर्जनपदीय बदमाश गिरफ्तार किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि औराई थाना अन्तर्गत उगापुर से सिंहपुर नहर पुलिया मार्ग पर थाना औराई व गोपीगंज की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे दो चार पहिया वाहनों को पुलिस ने रूकने का संकेत दिया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में दो बदमाशो के पैर में गोली लगी। पुलिस ने चारों बदमाशों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अंतर्जनपदीय बदमाशों की पहचान जितेंद्र कुमार (30) पुत्र शिवमूरत, महबूब (30)पुत्र मकबूल, महेंद्र प्रताप (23) पुत्र शिव मूरत व विकास सरोज (25) पुत्र त्रिभुवन प्रसाद निवासीगण वाराणसी के रूप में की गई। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ फायरिंग के दौरान अभियुक्त जितेंद्र कुमार के बाएं पैर में घुटने के नीचे व महबूब पुत्र मकबूल के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। घायल अभियुक्तों की स्थिति सामान्य है। जिनको ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो नाजायज तमंचा मय खोखा कारतूस व दो चार पहिया वाहन सफारी स्टॉर्म जिसमें चोरी की बकरियां लदी हैं। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध जनपद वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, चंदौली व भदोही में विभिन्न अपराधिक घटनाओं से संबंधित लगभग तीन दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं।





