कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में पूण्य की डुबकी।
भदोही। जिले में पवित्र रामपुर सहित अन्य गंगा घाटों पर शुक्रवार को आस्था की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी
लगाकर पूण्य अर्जित किया।
ज्योतिषाचार्य पंडित आलोक शास्त्री ने बताया कि कई वर्षों के बाद इस बार बन रहे विशेष संयोग मे महाकार्तिक के रुप में स्नान व पूजा-पाठ अत्यधिक फलदायी होने के चलते गंगा में डुबकी लगाने के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शुक्रवार को गंगा घाट की ओर जाने वाले हर मार्ग पर नर-नारियो का समूह दिखाई पड़ा।घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए जल पुलिस के साथ मौजूद अधिकारी सतर्कता पूर्वक निगरानी मे लगे रहे। कार्तिक में पूरे माह तक चले स्नान दान के साथ जनपद के सबसे बडे़ स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में डुबकी लगाने के लिए आस्थावानों की कतार लग गई। वैसे तो गुरुवार की शाम से ही दूरदराज के लोगो के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया था।भोर से पूण्य की डुबकी लगाने के लिए निकली आस्थावानो की भीड़ बढती ही गयी। समय की गति के साथ बढी भीड़ से गंगा घाट की ओर जाने वाला हर मार्ग श्रद्धालुओ से भर गया। शाम तक चले स्नान दान में लाखो की संख्या मे लोगों ने डुबकी लगाकर पूण्य अर्जित किया।
स्नान पर्व के अवसर पर गोपीगंज नगर से लेकर रामपुर घाट तक सड़क के दोनो तरफ दौरी, सूप, चलनी, मूसल, कराही आदि के साथ मिठाई, फल, खिलौने व खानपान की दुकानों पर स्नान कर लौट रही महिलाओं ने घरेलू सामानों की जमकर खरीदारी भी की। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए नाव पर जहां जल पुलिस की व्यवस्था की गयी थी वहीं प्रशासनिक अधिकारियों सहित प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह मय फोर्स पुलिस व पीएसी के साथ निगरानी मे लगे रहे।
इसी प्रकार अन्य घाटों गुलौरीघाट, चर्तुमुखी,
ज्ञानानंद , जहांगीराबाद, डेरवां-भवानीपुर, बेरासपुर, बिहरोजपुर आदि घाटों पर भी हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई।





