पीलीभीत। शहर के सनातन धर्म बांकेबिहारी राम इंटर कॉलेज के मैदान पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए और जनता को संबोधन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये चुनाव फैमिली फर्स्ट बनाम नेशन फर्स्ट का है। एक ओर परिवारवादी पार्टियां हैं तो दूसरी ओर राष्ट्रवादी शक्तियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन सबका साथ सबका विश्वास है। परिवारवादी सत्ता में आएंगे तो माफिया राज लाएंगे। दंगा और कर्फ्यू लाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि दूसरी ओर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी सरकार महज तीन साल के भीतर विश्व में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का काम करेंगे। भारत के विकसित राष्ट्र बनने का सपना साकार होगा।
मंगलवार को शहर के सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज के मैदान पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सधे अंदाज में वर्ष 2014 से पहले और बाद की तस्वीर पेश की। सीएम योगी बोले कि हमारी पीढ़ी ने बदलते भारत को देखा है। पहले अविश्वास, अराजकता, देश के बारे में सोच का अभाव था। राजनीतिक दलों के लोगों में विश्वास नहीं रह गया था। दुनिया के देशों में भारत का सम्मान नहीं रह गया था। किसान आत्महत्या कर रहे थे। युवा पलायन करने को विवश थे। दंगा और कर्फ्यू उत्तर प्रदेश की पहचान बन गए। समाज में असुरक्षा की भावना बढ़ गई थी। व्यापारी पलायन करने लगे थे। वर्ष 2014 के बाद तेजी से बदलाव होना लगा।





